बी. बी. एम. महाविद्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर सेमिनार आयोजित !

0 Comments

बलियापुर, धनबाद, 06 नवंबर 2026: आज दिनांक 06.11.2026 को बी. बी. एम. महाविद्यालय, बलियापुर, धनबाद के सेमिनार हॉल में “मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026” विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया।

सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री प्रभास चन्द्र दास उपस्थित थे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेन्द्र महतो, डॉ. निर्मल कुमार महतो (आई.क्यू.ए.सी. समन्वयक), डॉ. विरेन्द्र कुमार राय (सेमिनार समन्वयक), डॉ. सुनिता महतो (एन.एस.एस. पदाधिकारी) तथा डॉ. संतोष कुमार महतो (नैक समन्वयक) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सेमिनार का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति लोगों, विशेषकर युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को जागरूक करना था। इस अवसर पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, त्रुटियों में सुधार कराने तथा योग्य नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने के महत्व पर चर्चा की गई। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण, एन.सी.सी. कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे। सभी ने मतदाता जागरूकता से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संकल्प लिया।

इस प्रकार सेमिनार का आयोजन विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार के बीच मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Categories: